वाराणसी में भव्य मनाई जाएगी देव दीपावली
पर्यटन विभाग नें कसी कमर, 20 लाख दीपों से जगमग होंगे गंगा घाट...
वाराणसी में भव्य मनाई जाएगी देव दीपावली, पर्यटन विभाग नें कसी कमर, 20 लाख दीपों से जगमग होंगे गंगा घाट…
वाराणसी शहर में इस बार देव दीपावली का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। पर्यटन उपनिदेशक आर. के. रावत नें बताया कि 12 से 15 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक वाराणसी पहुंचेंगे। देव दीपावली और गंगा महोत्सव का मुख्य आयोजन 13 और 14 नवंबर को अस्सी घाट पर होगा, जहां भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। शहर में इस आयोजन के व्यापक प्रचार के लिए होर्डिंग्स लगाए गए हैं।
आर. के. रावत नें बताया कि पर्यटन विभाग और नगर निगम का अधिकारी मिलकर पूरे घाटों को दीपों से सजाएंगे। खासकर नमो घाट से लेकर पूरे घाट और गंगा के उस पार रेती तक दीप जलाए जाएंगे। चेत सिंह घाट पर 30 मिनट का एक विशेष लेजर शो भी होगा, जिसमें गंगा से संबंधित कहानियों को पेश किया जाएगा, जबकि मंदिर घाट के सामने इंटरनेशनल फायर शो आयोजित होगा, जो लगभग 12 मिनट का होगा।
राजघाट, नमो घाट और राजेंद्र प्रसाद घाट पर 12, 13, और 14 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। होटल की बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी है और इस महोत्सव को देखने के लिए नाव की सवारी का भी इंतजाम किया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से जल पुलिस, एनडीआरएफ, और जिला पुलिस प्रशासन की विशेष व्यवस्था की गई है। पर्यटन विभाग और प्रशासन नें लोगों से आग्रह किया है कि वे देव दीपावली का आनंद लें लेकिन सतर्कता भी बरतें।