देव दीपावली पर काशी में 20 लाख दीपों से जगमगाएंगे घाट
विदेशी कलाकार भी देंगे प्रस्तुति, बिखरेगी भारतीय संस्कृति की छटा
देव दीपावली पर काशी में 20 लाख दीपों से जगमगाएंगे घाट

विदेशी कलाकार भी देंगे प्रस्तुति, बिखरेगी भारतीय संस्कृति की छटा
वाराणसी : काशी की देव दीपावली का महोत्सव इस बार भी पूरे विश्व में सनातन धर्म की दिव्यता और संस्कृति की छटा बिखेरने के लिए तैयार है। इस अनोखे आयोजन में जहां काशी के घाटों पर दीयों का प्रकाश फैलेगा, वहीं इस बार आधुनिकता की झलक भी नजर आएगी। देव दीपावली में विशेष आकर्षण का केंद्र अमेरिकी डांस ग्रुप रहेगा, जिसका नेतृत्व भारतवंशी सुजाता मेंजोमेरी करेंगी। इसके अलावा इंडियन आइडल के कलाकार भी अपनी प्रस्तुति से माहौल में संगीतमय रंग भरेंगे। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम नें शनिवार को इसकी जानकारी दी।
जिलाधिकारी नें बताया कि इस बार काशी के 84 घाटों पर 20 लाख दीप जलाए जाएंगे, जिनमें से 5 लाख दीप गंगा समितियों द्वारा प्रज्वलित होंगे। इसके अतिरिक्त, ऐतिहासिक वरुणा, असि, और अन्य कुंडों पर भी दीप जलाकर आयोजन को विशेष बनाया जाएगा। घाटों और कुंडों पर सजी दीपमालाओं से काशी का वातावरण अलौकिक लगेगा।
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम नें आगे बताया कि गंगा किनारे अमेरिकी डांस ग्रुप एक विशेष नृत्य प्रदर्शन करेगा, जिसका नेतृत्व सुजाता मेंजोमेरी करेंगी, जो कथक और बैले का अनोखा मिश्रण प्रस्तुत करती हैं। यह बैले डांस ग्रुप शिव महिमा पर आधारित नृत्य करेगा, जो विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। साथ ही, इंडियन आइडल और प्रिंस डांस ग्रुप से जुड़े कलाकार भी संगीत प्रस्तुत करेंगे। कोलकाता से आईं शुलग्ना बनर्जी भी कथक नृत्य से आयोजन में चार चांद लगाएंगी।
इस बार प्रमुख आयोजन तीन घाटों – नमो घाट, राजघाट, और अस्सी घाट पर होंगे। चेतसिंह किला पर 25 मिनट का लेजर शो भी होगा, जिसमें शिव और गंगा की महिमा का चित्रण किया जाएगा। इसके साथ ही, देव दीपावली के मुख्य दिन 15 नवंबर को चेत सिंह घाट पर 3D प्रोजेक्शन शो भी होगा, जिसमें अद्वितीय तरीके से भगवान शिव और गंगा से जुड़े अध्याय दिखाए जाएंगे।
देव दीपावली के लिए देश-विदेश से 10 लाख से अधिक पर्यटकों के काशी आनें की संभावना है। जिलाधिकारी नें बताया कि इस अवसर पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। एयरपोर्ट, प्रमुख चौराहों और सरकारी भवनों पर विशेष लाइटिंग की जाएगी, जिससे काशी में उत्सव का माहौल दिखाई दे।
इस बार का देव दीपावली महोत्सव न केवल सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की महिमा को बढ़ाएगा, बल्कि विदेशी कलाकारों की भागीदारी से एक अनोखा सांस्कृतिक संगम प्रस्तुत करेगा।